आबिद हुसैन,हापुड़। इंदिरप्रस्थ शैक्षिक संस्थान के स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हापुड़ के संयुक्त तत्वावधान में अंबेडकर पुस्तकालय पर नि:शुल्क विधिक सहायता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सैकड़ों नागरिकों को कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कालेज प्रबंधन पदाधिकारी डॉ. विकास अग्रवाल ने संदेश जारी कर कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को सिविल व अपराधिक मामलों में निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। प्रबंधन पदाधिकारी डॉ. विपिन गुप्ता ने जोर देकर कहा कि विधिक सहायता कोई दान नहीं, बल्कि एक नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा, "विधि के शासन का प्रसार देश के प्रत्येक क्षेत्र में होना चाहिए।"
प्रबंधन पदाधिकारी दीपक बाबू ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और इसके लिए पूर्ण विधिक सहायता सुनिश्चित की जाएगी। विधि संकाय के प्राचार्य डॉ. राजवीर कुमार ने स्पष्ट किया कि निःशुल्क कानूनी सहायता का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, हाशिए पर रहने वाले या असुरक्षित नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सेवाएं प्रदान करना है।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों ने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, निःशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) अशोक कुमार, अनुज कुमार, विनीत कुमार, तुलसी शर्मा, नीतू सिंह के अलावा लॉ कॉलेज के विधि विभाग के एचओडी ऋषिपाल जैन, तमन्ना खान, पूनम देवी, रोजी रानी, रुबी अग्रवाल, शोभा त्यागी, विशाल शर्मा, शिवानी त्यागी, अमित, रितेश, खुशी, स्वेता, जानवी, सोफिया आदि उपस्थित रहे।
