महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, देशवासियों के सुख-शांति की हुई कामना

नोएडा। फाल्गुन मास की पावन रात्रि में मनाए जाने वाले महापर्व के अवसर पर सोमवार को नोएडा सहित देश-विदेश के शिवालयों में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और भगवान शिव का जलाभिषेक प्रारंभ हो गया।

भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर का विधि-विधान से पूजन किया। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से समूचा वातावरण शिवमय हो उठा। मंदिर परिसरों में भक्ति संगीत, रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालु ध्यानमग्न होकर आराधना करते नजर आए।

शहर के प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से पेयजल, प्रसाद वितरण और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गई। महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग से प्रबंध किए गए ताकि किसी को असुविधा न हो।

श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष से देश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कई भक्तों ने परिवार की खुशहाली और समाज में भाईचारे की भावना के लिए प्रार्थना की। युवाओं में भी इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। अनेक स्थानों पर रात्रि जागरण और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि की रात्रि में की गई पूजा-अर्चना और व्रत का विशेष फल प्राप्त होता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य मिलन हुआ था, इसलिए इस पर्व को अत्यंत पवित्र और कल्याणकारी माना जाता है।

शिवभक्तों की आस्था और उत्साह ने यह संदेश दिया कि आध्यात्मिक शक्ति ही समाज को एक सूत्र में पिरोती है। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा शहर भक्तिरस में डूबा नजर आया और हर ओर से एक ही स्वर गूंजता रहा — “भोलेनाथ सब पर अपनी कृपा बनाए रखें।”

Post a Comment

Previous Post Next Post