हापुड़ में श्री माधव कॉलेज: टीबी-कैंसर स्क्रीनिंग शिविर से छात्रों को मिली जागरूकता, डॉ. राजेश सिंह ने दिए लक्षणों की जानकारी

आबिद हुसैन, हापुड़।  भारत सरकार के निर्देश पर जनपद में चल रहे टीबी एवं कैंसर स्क्रीनिंग शिविरों की कड़ी में मोदीनगर रोड स्थित श्री माधव कॉलेज ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी के सभागार में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिंग की गई। डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए मुहिम चला रही है। ऐसे शिविर इसी अभियान का हिस्सा हैं। 

उन्होंने छात्रों को टीबी के प्रमुख लक्षण बताए: दो सप्ताह से अधिक खांसी, खांसी के साथ बलगम आना, बलगम में खून, छाती में दर्द, भूख न लगना, वजन घटना तथा रात में पसीना आना। डॉ. सिंह ने सलाह दी कि ऐसे लक्षण दिखने पर निकटतम सरकारी अस्पताल में निशुल्क जांच कराएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीबी का पूरा इलाज जरूरी है, अधूरा इलाज छोड़ने पर दवा प्रतिरोधी टीबी हो सकती है।शिविर में कैंसर के लक्षणों पर भी जागरूकता फैलाई गई। इस अवसर पर प्रबंधक कुलदीप कुमार कसाना, प्रधानाचार्य डॉ. मुनेश कुमार शर्मा, विभागाध्यक्ष सचिन शर्मा, लिपिक संदीप कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. संजय कुमार, जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी, विजित कुमार आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post