भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ से मुलाकात की, किसान व रेहड़ी-पटरी मुद्दे उठाए

 नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रतिनिधिमंडल ने आज नोएडा विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्री कृष्णा करुणेश से औपचारिक भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्ध नगर के ग्रामीण क्षेत्रों और नोएडा गांवों के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।


भाकियू प्रतिनिधियों ने सीईओ को अवगत कराते हुए कहा कि नोएडा के मूल गांवों में बुनियादी सुविधाओं  सड़क, सीवर, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर अभी भी कई कमियां बनी हुई हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने गांवों के समग्र विकास के लिए समावेशी नीति अपनाने की मांग की।

इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने शहर में कार्यरत किसानों और बाहरी प्रवासी समुदाय से जुड़े रेहड़ी-पटरी (स्ट्रीट वेंडर्स) कारोबारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि आजीविका के लिए निर्भर हजारों परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जाना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों के लिए निर्धारित स्थान, पहचान पत्र और स्थायी नीति बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सीईओ श्री कृष्णा करुणेश ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्राधिकरण किसानों, ग्रामीणों और छोटे कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेगा और उचित समाधान तलाशेगा।

भाकियू ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का रास्ता अपनाने पर भी विचार करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post