गंगा की बाढ़ से फसल बर्बाद, सड़क-स्वास्थ्य-बिजली संकट: किसान यूनियन लोक शक्ति ने डीएम हापुड़ को दिया ज्ञापन, 15 दिन में समाधान का वादा!

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ तहसील के कई गांवों में बाढ़, पशु रोग, सड़क सुविधाओं की कमी, स्ट्रीट लाइट्स की खराबी, सफाई का अभाव और बिजली बिलों की बढ़ती दरों से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अभिषेक पांडे को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति संगठन के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में तत्काल समाधान की मांग की गई, वरना धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। डीएम ने 15 दिनों में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में गढ़मुक्तेश्वर तहसील के नयाबास, आरकपुर, अल्लाहबख्शपुर गांवों के जंगलों में गंगा का पानी घुसने से फसल नष्ट होने, लठीरा से नयाबास रेलवे लाइन तक 'पुस्ता' (बांध) निर्माण की मांग की गई। पशुओं में बीमारियों का प्रकोप है, लेकिन पशुपालन विभाग के सीएमओ डॉ. नवनीत कुमार को शिकायतों के बावजूद कोई टीम नहीं पहुंची। भैंसों की मौत पर भी जांच नहीं हुई। ग्राम अल्लाहबख्शपुर में बच्चों के स्कूल बैग भारी होने और बस स्टॉप पर कुर्सी न होने से परेशानी बतााई गई। आवारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाने की मांग भी उठी।अनूपपुर डिबाई गांव में 8 महीनों से स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, ग्राम प्रधान पति व सचिव कपिल देव की शिकायतों पर कोई असर नहीं। रातें अंधेरी होने से अपराध-दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा है। दो माह से सफाई नहीं हुई। हापुड़ तहसील के बनखंडा गांव में भी 6 माह से सफाई ठप। इसके अलावा घरेलू बिजली दरें बढ़ने और बिलों की ऊंची राशि पर पुरानी दरों पर लाने की मांग की गई।आबिद हुसैन, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश, ने कहा, "हम 6 माह से उपजिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर को ज्ञापन दे रहे हैं, रिसीविंग कॉपी मौजूद है। समस्या का तत्काल समाधान हो, वरना संगठन धरना-प्रदर्शन को मजबूर होगा। जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"फैजान चौधरी, मीडिया प्रभारी मेरठ मंडल, ने बताया, "हापुड़ डीएम अभिषेक पांडे जी को अनूपपुर डिबाई गांव आने का न्योता दिया गया। ज्ञापन में सभी मुद्दे उठाए गए, और उन्होंने 15 दिन में समाधान का भरोसा दिलाया।"ज्ञापन सौंपने वालों में माहिर चौधरी (जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ), विनीत त्यागी (युवा जिला अध्यक्ष हापुड़), कुलदीप सिंह (महानगर अध्यक्ष), सुनील कुमार (तहसील उपाध्यक्ष), रोहित पाल (युवा जिला उपाध्यक्ष) समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post