नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिवसीय दौरे पर कर्नाटक और गोवा पहुंच रहे हैं। यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से भरपूर होगा, जिसमें कई महत्वपूर्ण अनुष्ठान एवं परियोजनाओं का अनावरण शामिल है।
सुबह प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के उडुपी स्थित प्रसिद्ध श्री कृष्ण मठ पहुंचेंगे, जहां वे लक्ष कंठ गीता पारायण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही मठ परिसर में बने सुवर्ण तीर्थ मंडप तथा “कनकना किंडी” को समर्पित कनक कवच का लोकार्पण करेंगे। स्थानीय संतों और श्रद्धालुओं के साथ प्रधानमंत्री की यह उपस्थिति धार्मिक उत्साह को और बढ़ाएगी।
कर्नाटक प्रवास के बाद प्रधानमंत्री दोपहर में गोवा रवाना होंगे। यहां वे श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगली जीवोत्तम मठ में आयोजित 550वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी 77 फुट ऊँची भगवान राम की विशाल कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे, जिसे देश की सबसे ऊँची राम प्रतिमाओं में से एक माना जा रहा है। इसके साथ ही मठ परिसर में बने रामायण थीम पार्क गार्डन, विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्के का विमोचन भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को दक्षिण भारत की सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देने और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देशभर के श्रद्धालुओं में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
