एक दिन की बनी जिलाधिकारी नैन्सी सिंह ने संभाली जिम्मेदारी, मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रेरणादायक पहल हापुड़।

हापुड़। महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत एक प्रेरणादायक पहल की गई। रघुवीर सिंह किसान इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की छात्रा नैन्सी सिंह को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।

एक दिन की जिलाधिकारी बनी नैन्सी सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर के सभी पटलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने उन्हें कप भेंट कर स्वागत किया और कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

वास्तविक जिलाधिकारी ने नैन्सी सिंह को बताया कि प्रशासन कैसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करता है। साथ ही उन्हें वीमेन पावर लाइन 1090, यूपी 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, तथा साइबर अपराध शिकायत प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अलावा, विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया ताकि वे समाज में जागरूकता फैला सकें। इस दौरान नैन्सी सिंह ने जनसुनवाई की और कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।

नैन्सी सिंह ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने महसूस किया कि महिलाएं समाज की हर जिम्मेदारी बखूबी निभा सकती हैं। यह पहल नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में एक सशक्त संदेश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post