नई दिल्ली। रविवार, 7 सितंबर 2025 को साल का दूसरा पूर्ण चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। भारतीय समय अनुसार यह ग्रहण रात्रि 9:58 बजे शुरू होकर देर रात 1:26 बजे समाप्त होगा। इसकी कुल अवधि लगभग 3 घंटे 28 मिनट की होगी। इस दौरान चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया में आ जाएगा और उसका रंग लालिमा लिए नारंगी दिखाई देगा। इसी कारण इसे ब्लड मून भी कहा जाता है।
खास बात यह है कि यह पूर्ण चंद्र ग्रहण संपूर्ण भारत में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा, जिसके चलते सूतक काल मान्य होगा। सूतक ग्रहण शुरू होने से 9 घंटे पहले यानी दोपहर से ही लागू हो जाएगा। परंपरा अनुसार सूतक काल में कोई भी धार्मिक कार्य नहीं किए जाते और मंदिरों के कपाट बंद रहते हैं।
यह ग्रहण न केवल भारत बल्कि एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, यूरोप, अंटार्कटिका, पैसेफिक और हिंद महासागर के कई हिस्सों में भी नजर आएगा।
ग्रहण का समय : उपच्छाया का पहला स्पर्श – रात 8:59 बजे। प्रच्छाया का पहला स्पर्श (ग्रहण प्रारंभ) – रात 9:58 बजे। ग्रहण समाप्त – रात 1:26 बजे।
यानी इस बार आकाश प्रेमियों और खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए 7 सितंबर की रात बेहद खास रहने वाली है।