कालांवाली (सुरेश जोरासिया)।सृष्टि की चादर, श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी प्रकाश पर्व आगामी 25 नवंबर को दुनिया भर की सिख संगतों, गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, सिख संगठनों और सरकारों द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की घोषणा को अंतर्राष्ट्रीय सिख प्रचारक जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल, अध्यक्ष धर्म प्रचार हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सराहनीय कदम बताया है। उन्होंने एक लिखित प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इससे पहले भी हरियाणा सरकार पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में यमुनानगर, सिरसा और पानीपत में बड़े पैमाने पर शताब्दी समारोह आयोजित कर चुकी है।
इस बार यह शताब्दी धर्म नगरी कुरुक्षेत्र में मनाई जा रही है, जिसमें धार्मिक व राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। जत्थेदार दादूवाल ने विश्वास जताया कि इस अवसर पर हरियाणा और सिखों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह की तैयारियों के लिए हरियाणा सरकार ने ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह को नियुक्त किया है, जो अनुभवी और मेहनती अधिकारी माने जाते हैं।
जत्थेदार दादूवाल ने बताया कि समारोह में विभिन्न धार्मिक संस्थाएं और संत गुरु के लंगरों की व्यवस्था में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से उम्मीद है कि पिछली शताब्दी में की गई घोषणाएं भी पूरी होंगी।
उन्होंने सिख संगत से अपील की कि सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा भाव से इस शताब्दी समारोह में शामिल होकर गुरु की प्रसन्नता प्राप्त करें।