आबिद हुसैन, हापुड़। जनपद की धौलाना तहसील में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का सफल आयोजन किया गया। तहसील दिवस के दौरान कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकारियों ने मौके पर ही 3 का पूर्ण निस्तारण कर दिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी जनपदीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हर शिकायत का गुणवत्ता पूर्ण समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचे।
उपजिलाधिकारी ने भी अधिकारियों को हिदायत दी कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की शिकायतों की तत्काल जांच हो और आवश्यक कार्रवाई की जाए। यदि कोई समस्या आड़े आए, तो बिना विलंब उनकी जानकारी दी जाए। उन्होंने लंबित शिकायतों पर रोक लगाने और शिकायतकर्ता को पहले ही संतुष्ट करने पर बल दिया, ताकि एक ही मुद्दा बार-बार न उठे।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद की हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और धौलाना तहसीलों में ऐसे समाधान दिवसों का आयोजन लगातार जारी है, जो स्थानीय प्रशासन की जनोन्मुखी छवि को मजबूत कर रहा है।
