ऊंचागांव में अवैध मिट्टी खनन से किसानों की जमीन तबाह, ग्रामीणों में आक्रोश

 बरेली, विशेष संवाददाता। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के ऊंचागांव में अवैध मिट्टी खनन को लेकर गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय किसानों का आरोप है कि रात के अंधेरे में संगठित खनन गिरोह ने जेसीबी मशीनों और डंपरों की मदद से उनके खेतों से भारी मात्रा में मिट्टी निकाल ली। इसके चलते उपजाऊ कृषि भूमि गहरे गड्ढों में बदल गई है, जिससे खेती पूरी तरह ठप होने की आशंका जताई जा रही है।

पीड़ित किसानों के अनुसार, उनसे न तो पूर्व अनुमति ली गई और न ही किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया। जब कुछ किसानों ने इसका विरोध किया, तो उन्हें कथित तौर पर धमकियां भी दी गईं। ग्रामीणों का कहना है कि कृषि ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है, लेकिन अवैध खनन ने उनकी आजीविका पर सीधा प्रहार किया है।

इस मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वे जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ज्ञापन देने वालों में जितेंद्र पाल, प्रकाश चंद, रामोतार, अमन, अर्जुन, सुनीता, कृष्णा, सुमन, मेवाराम, तोताराम, मुरारीलाल, छत्रपाल, तेजपाल, पवन कुमार, धर्मेंद्र सहित अनेक ग्रामीण शामिल थे।

स्थानीय निवासी निशा ने कहा, “हमारे खेतों से जबरन मिट्टी निकाल ली गई है। अब यहां खेती संभव नहीं रह गई। हमें प्रशासन से न्याय की उम्मीद है।” प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post