आबिद हुसैन, हापुड़। जिले के किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संदीप कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार किसान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद के कोने-कोने से सैकड़ों किसान और उनके प्रतिनिधि पहुंचे, जिन्होंने अपनी जमीनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। यह आयोजन किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी शिकायतों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार ने की, जिन्होंने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और किसान भाइयों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि किसान दिवस जैसे मंच से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी मदद मिलती है। इसके बाद, गत जनवरी 2025 के किसान दिवस में दर्ज शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत आख्या सभी के समक्ष प्रस्तुत की गई। संबंधित अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया और उसके परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे किसानों में विश्वास बढ़ा।आज के किसान दिवस में विभिन्न क्षेत्रों के किसानों ने सिंचाई, बीज-खाद की उपलब्धता, फसल बीमा, सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण और अन्य जमीनी मुद्दों पर अपनी शिकायतें लिखित रूप में दर्ज कराईं। अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों और विभागीय प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निस्तारण की कार्यवाही की पूरी प्रति किसान दिवस के नोडल अधिकारी, उप कृषि निदेशक हापुड़ के कार्यालय (कोतवाली के निकट) में जमा की जाए तथा शिकायतकर्ता किसान को एक प्रति निश्चित रूप से उपलब्ध कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अपर जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और ऐसी बैठकों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में कृषि, सिंचाई, बिजली और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस आयोजन से किसान समुदाय में उत्साह का संचार हुआ है और उम्मीद है कि आगामी दिनों में उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।
