आबिद हुसैन,हापुड़। उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में एक किराये के मकान में रह रही 30 वर्षीय अविवाहित युवती सरिता का शव देर रात पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर संभावित कोण से जांच कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित मोहल्ला प्रीत विहार में रह रही सरिता मूल रूप से गांव बागड़पुर, थाना गढ़मुक्तेश्वर की निवासी थी। वह पिछले दो माह से यहां किराये के मकान में रह रही थी और नोएडा की एक फैक्ट्री में नौकरी करती थी। सोमवार की देर रात पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा खुला देखा। टॉर्च की रोशनी में झांकने पर उन्हें सरिता पंखे से लटकी नजर आई। डरते-डरते उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।मौके पर पहुंचे थाना कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पांडे और उनकी टीम ने शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार मिश्रा ने बताया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी। पुलिस पूरा सहयोग कर रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
