आबिद हुसैन, हापुड़। आगामी 14 मार्च 2026 (शनिवार) को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बैंक से जुड़े लंबित मामलों का प्री-लिटिगेशन स्तर पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता माननीय अजय कुमार सिंह प्रथम (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, हापुड़) ने की, जबकि संचालन हनी गोयल (अपर जिला जज/नोडल अधिकारी) और सौरभ कुमार वर्मा (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) ने किया।प्रमुख निर्देश:हनी गोयल ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि बैंक से संबंधित वादों को प्री-लिटिगेशन स्तर पर अधिक से अधिक चिह्नित किया जाए। आम जनता को लोक अदालत के जरिए सुलभ न्याय दिलाने के लिए व्यापक प्रयास तेज किए जाएं। बैंक रिकवरी मामलों में आपसी सुलह को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में शीशपाल सिंह (लीड बैंक मैनेजर) समेत विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और जनपद के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनपदवासियों से अपील: जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने लंबित शमनीय विवादों और बैंक मामलों का निस्तारण कराने के लिए 14 मार्च को लोक अदालत का लाभ अवश्य उठाएं। यह अवसर त्वरित और सौहार्दपूर्ण न्याय का सुनहरा मौका है।
