आबिद हुसैन , हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पटना मुरादपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की उच्चाक्रांति ने एक गरीब उपभोक्ता को बदहाली की ठोकरें खाने पर मजबूर कर दिया है। मोहल्ला हरजसपुरा निवासी अंकुर कुमार पुत्र जगवीर सिंह का आरोप है कि बिजली चोरी के नाम पर उन पर करीब तीन लाख बीस हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया, जिसे उन्होंने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत जमा कर दिया। रसीद दिखाने के बावजूद एसडीओ पटना मुरादपुर द्वारा कनेक्शन बहाल नहीं किया जा रहा।
अंकुर ने बताया, "मेरे घर का कनेक्शन पहले ही कटा हुआ था और दो किलोवाट का मीटर लगा था। फिर भी बिना सबूत के जुर्माना लगाया गया। जब मैं वीडियो, फोटो या तारों का सबूत मांगता हूं, तो अधिकारी फटकार लगाते हैं और डरा-धमकाते हैं।" उन्होंने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें एसडीओ पर जबरन जगपाल का जुर्माना उनके नाम पर थोपने का भी आरोप लगाया गया है।हापुड़ सदर विधायक विजय पाल आढ़ती ने भी अपने लेटर पैड पर कनेक्शन देने के निर्देश दिए, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। अंकुर के पास अधिकारियों द्वारा डराने-धमकाने की ऑडियो रिकॉर्डिंग मोबाइल में मौजूद है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उपभोक्ता ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय न मिला, तो वे उच्च अधिकारियों तक पहुंचेंगे।बिजली विभाग ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यह मामला विभागीय भ्रष्टाचार और उपभोक्ता शोषण को उजागर करता है।
