आबिद हुसैन, हापुड़। उत्तर प्रदेश चकबंदी आयुक्त महोदय के निर्देशों का अनुपालन करते हुए उप संचालक चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने जनपद हापुड़ की तहसील गढ़मुक्तेश्वर के ग्राम खानपुर माखनपुर और आलमपुर भगवन्तपुर ग्राम पंचायत सचिवालय पर ग्राम चौपाल का सफल आयोजन किया।
खानपुर माखनपुर, आलमपुर भगवन्तपुर, कुतुबपुर, मुकीमपुर तथा ऐदलपुर प्रसादीपुर इन सभी गांवों की एक ही ग्राम पंचायत होने के कारण बड़ी संख्या में किसान उपस्थित हुए। चौपाल में प्रारंभिक चकबंदी योजना के तहत चक निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ग्राम भूचित्र व अभिलेखों के माध्यम से सार्वजनिक की गई। अधिकांश किसानों ने योजना से पूर्ण सहमति जताई। स्थलीय समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने सहायक चकबंदी अधिकारी/चकबंदी अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि ग्राम प्रधान की मौजूदगी में ग्रामसभा भूमि का स्थलीय सत्यापन कर उसे कब्जामुक्त करने की तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।यह आयोजन चकबंदी प्रक्रिया में किसानों की भागीदारी बढ़ाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। स्थानीय किसानों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
