नैनीताल विधानसभा 2027: शीलू कुमार की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, विरोधी खेमे में बढ़ी बेचैनी

 बेतालघाट की पहली ही जनसभा में हजारों की भीड़, समर्थकों में उत्साह चरम पर

नैनीताल।( विशेष संवाददाता)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल बजते ही नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में युवा नेता शीलू कुमार ने चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता से अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है।

बेतालघाट में आयोजित उनकी पहली बड़ी जनसभा में हजारों लोगों की मौजूदगी ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, वहीं विरोधी खेमे में हलचल बढ़ गई है।

सामाजिक आधार से मिल रही मजबूती

शीलू कुमार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे का खुला समर्थन मिलना भी उनके लिए बड़ी ताकत माना जा रहा है। नरेश पांडे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनके समर्थन से शीलू कुमार का सामाजिक समीकरण और सशक्त होता दिखाई दे रहा है।

मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता

जनसभा को संबोधित करते हुए शीलू कुमार ने कहा कि यदि उन्हें विधायक बनने का अवसर मिला तो क्षेत्र की जनता को सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने युवाओं के रोजगार और स्थानीय विकास को भी अपने एजेंडे में प्रमुखता से शामिल करने की बात कही।

विरोधियों की बढ़ी चिंता

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शुरुआती दौर में ही इतनी बड़ी भीड़ का जुटना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। शीलू कुमार के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब उनके लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, जबकि विरोधी दलों में रणनीति को लेकर मंथन तेज हो गया है।

फिलहाल नैनीताल विधानसभा में चुनावी मुकाबला रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं और आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post