-कृषि विभाग और पुलिस प्रशासन की आरोपियों पर ढिलाई को लेकर मुख्यमंत्री व पुलिस महानिदेशक को लिखा शिकायत पत्र: लखविंदर सिंह औलख
सिरसा, कालांवाली (हरविन्द्र सिंह गिल)। बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 जनवरी को गांव मोरीवाला में गुरप्रीत सिंह संधू की अध्यक्षता में किसानों ने पीएस इंडस्ट्रीज प्लाई व बोर्ड बनाने वाली मोरीवाला में स्थित फैक्ट्री में एग्रीकल्चरल ग्रेड की यूरिया खाद के हो रहे दुरुपयोग का भंडाफोड़ किया था, जिस पर कृषि विभाग ने डिंग थाना में 23 जनवरी को मुकदमा नंबर 0018 दर्ज करवाया था।
किसानों के सामने कैमरे के आगे फैक्ट्री के संचालक सोमिल कंबोज ने माना था कि वह 400 रुपए प्रति बैग के हिसाब से यूरिया की खरीद करते हैं और बोर्ड बनाने के लिए उसका फैक्ट्री में प्रयोग करते हैं। उसने मोरीवाला में एक और फैक्ट्री सालासर इंडस्ट्री के नाम से जो की प्लाई बोर्ड बनाती है, उसमें भी बहुत बड़ी मात्रा में एग्रीकल्चर ग्रेड की यूरिया का प्रयोग किया जाता है। 18 दिन बीत जाने के बावजूद भी पुलिस विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है और ना ही इसकी जांच आगे बढ़ाई है, जिसको लेकर अब मुख्यमंत्री हरियाणा व पुलिस महानिदेशक को शिकायत पत्र भेजा गया है, जिसमें हमने सप्लाई करने वाली गाड़ी के साथ-साथ फैक्ट्री वालों से मिले हुए दुकानदारों के बारे में पूरी डिटेल दी है। जो यूरिया खाद किसानों को न देकर भारी भरकम ब्लैक में इन फैक्ट्री वालों को बेचते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और इसमें शामिल सभी लोगों को जांच में शामिल करके उन पर बनती कार्रवाई की जाए। अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम डिंग थाना में प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।




