रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद सोना-चांदी में भारी गिरावट, निवेशकों को झटका

विनोद कुमार झा

शुक्रवार का दिन सोना-चांदी में निवेश करने वालों के लिए निराशाजनक साबित हुआ। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बीते 24 घंटे के भीतर ही दोनों कीमती धातुओं में रिकॉर्डतोड़ गिरावट देखने को मिली। जहां चांदी अपने ऑल टाइम हाई से करीब 93 हजार रुपये टूट गई, वहीं सोने के भाव में भी लगभग 25 हजार रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

एमसीएक्स पर शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मार्च वायदा के लिए 1 किलो चांदी का भाव 72 हजार रुपये गिरकर 3.27 लाख रुपये पर आ गया। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था। इस तरह रिकॉर्ड हाई से चांदी की कीमतों में कुल 93 हजार रुपये की गिरावट आ चुकी है।

सोने की बात करें तो एमसीएक्स पर अप्रैल वायदा के लिए 10 ग्राम सोने का भाव शुक्रवार शाम 7 बजे तक 16,263 रुपये टूटकर करीब 1.68 लाख रुपये रह गया। जबकि इसका रिकॉर्ड उच्च स्तर 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। इस लिहाज से सोना भी अपने शिखर से लगभग 25 हजार रुपये नीचे फिसल चुका है।

दिलचस्प बात यह है कि महज एक दिन पहले, गुरुवार 29 जनवरी को, सोना और चांदी दोनों ने कमोडिटी बाजार में नया इतिहास रचा था। चांदी एक ही दिन में 30 हजार रुपये से ज्यादा चढ़कर 4.20 लाख रुपये के पार पहुंच गई थी, जबकि सोने के भाव में भी करीब 16 हजार रुपये की तेजी देखी गई थी और यह 1.93 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया था।

विशेषज्ञों के अनुसार, सोना-चांदी में आई इस तेज गिरावट का एक बड़ा कारण मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) है। लगातार रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफा निकालना शुरू किया, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा। इसके अलावा वैश्विक संकेतों और डॉलर में मजबूती का असर भी कीमती धातुओं पर देखने को मिला।

बाजार विश्लेषकों का मानना है कि निकट भविष्य में सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में फैसले लेने से बचने और बाजार के रुख पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post