बिहार विधानसभा चुनाव 2025: NDA की ऐतिहासिक जीत, कई सीटों पर रोमांचक मुकाबला

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। इस बार भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू को 85 सीटें मिली हैं। दूसरी ओर महागठबंधन इस बार बेहद कमजोर प्रदर्शन करता हुआ दिखाई दिया और राजद केवल 25 सीटों पर सिमट गई। तेजस्वी यादव को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने के बाद भी गठबंधन 50 का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

इस चुनाव में जहां एनडीए को व्यापक समर्थन मिला, वहीं कई सीटों पर जीत-हार का अंतर बेहद मामूली रहा। पांच से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार सौ वोट से कम या कुछ सौ वोटों के अंतर से विजयी हुए।

27 वोट से सबसे कम अंतर: संदेश विधानसभा संदेश सीट इस बार सबसे रोमांचक रही। जदयू के राधा चरण साह ने केवल 27 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 80,598 वोट, जबकि आरजेडी के दीपू सिंह को 80,571 वोट मिले। जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार राजीव रंजन राज के 6,040 वोट इस सीट पर निर्णायक कारक माने जा रहे हैं।

अगिआंव में 95 वोट से जीत :वामपंथियों के गढ़ माने जाने वाले अगिआंव में इस बार भाजपा ने कड़ा मुकाबला जीतते हुए बढ़त बनाई। भाजपा प्रत्याशी महेश पासवान ने 95 वोटों से जीत हासिल की। सीपीआई (एमएल) के शिव प्रकाश रंजन को 69,317 वोट मिले, जबकि महेश पासवान को 69,412 वोट प्राप्त हुए।

फारबिसगंज में 221 वोट का अंतर :फारबिसगंज सीट पर कांग्रेस ने बढ़त बनाई। कांग्रेस के मनोज विश्वास ने 221 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 1,20,114 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी विद्या सागर केशरी को 1,19,893 वोट मिले।

बोधगया में आरजेडी की जीत :बोधगया में आरजेडी उम्मीदवार कुमार सर्वजीत ने 881 वोट के अंतर से जीत हासिल की।उन्हें 1,00,236 वोट, वहीं एलजेपी (रामविलास) के श्यामदेव पासवान को 99,355 वोट मिले।

बख्तियारपुर भी रहा हॉट सीट : बख्तियारपुर में भी बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिला।एलजेपी (रामविलास) के अरुण कुमार (पूर्व विधायक शत्रुघ्न साव के पुत्र) ने 981 वोटों से जीत दर्ज की।उन्हें 88,520 वोट, जबकि आरजेडी के अनिरुद्ध कुमार को 87,539 वोट मिले।

अन्य नजदीकी मुकाबले :

बलरामपुर: एलजेपी (रामविलास) की संगीता देवी 389 वोटों से विजयी।

चनपटिया: कांग्रेस के अभिषेक रंजन ने 602 वोटों से भाजपा के उमाकांत सिंह को हराया।

ढाका: आरजेडी के फैसल रहमान केवल 178 वोटों के अंतर से जीते।

एनडीए की जीत पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि बिहार का यह जनादेश “विकास की राजनीति की ऐतिहासिक जीत” है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री के नेतृत्व और जनता के सुशासन में भरोसे का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के अनुभवी नेतृत्व को भी एनडीए की विजय का महत्वपूर्ण आधार बताया। इन चुनाव परिणामों ने एक बार फिर यह साबित किया कि लोकतंत्र में हर वोट की कीमत होती है। कई सीटों पर बेहद मामूली अंतर ने पूरे चुनावी परिदृश्य को रोमांच से भर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post