-जानिए कब समझें कि आपको हाई ब्लड प्रेशर है, कब जरूरी है इलाज शुरू करना?
आपका रक्तचाप आपकी सेहत की चुपचाप निगरानी करता है। यह एक ऐसा संकेत है जो कई बार बिना कोई लक्षण दिए भी शरीर में बड़ा खतरा छुपा सकता है। उच्च रक्तचाप (Hypertension) को अक्सर "Silent Killer" कहा जाता है, क्योंकि यह धीरे-धीरे हृदय, मस्तिष्क और किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है, और पता तब चलता है जब बहुत देर हो चुकी होती है।
बहुत से लोग सोचते हैं कि चक्कर आना, सिर दर्द या तनाव ही हाई बीपी के लक्षण होते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि कई बार बीपी बहुत ज्यादा होने पर भी कोई लक्षण सामने नहीं आता। इसलिए नियमित रूप से इसकी जांच और सही जानकारी सबसे जरूरी है। अगर आप चाहते हैं कि आपकी ज़िंदगी लंबी और स्वस्थ हो, तो अपने बीपी को जानना और समझना आज की सबसे जरूरी बातों में से एक है।
कब कहें कि आपको उच्च रक्तचाप है?
अस्पताल में नापा BP : 140/90 mmHg या अधिक
घर पर लिया BP : 135/85 mmHg या अधिक
लक्ष्य होना चाहिए : अधिकतर बार BP 130/80 mmHg से कम रहे।
बीपी कैसे चेक करें? (सही तरीका)
1. घर की रीडिंग अधिक विश्वसनीय है अच्छे ब्रांड का ऑटोमेटिक BP मॉनिटर खरीदें, जो बांह पर फिट होता हो (कलाई वाले BP मॉनिटर कम सटीक होते हैं)।
2. बाह पर मोटे कपड़े हों तो हटा दें। बीपी कफ इतना टाइट हो कि एक उंगली अंदर जाए।
3. पेशाब करके 5 मिनट आराम करें।
4. जांच से 1 घंटा पहले चाय, कॉफी या धूम्रपान न करें।
5. पीठ सीधी कुर्सी से सटी हो, पैर ज़मीन पर सीधे हों।
6. हाथ की कोहनी को मेज पर टिकाकर जांच करें, बात न करें।
7. पहली रीडिंग छोड़ दें , अगली दो का औसत लें।
8. रोज़ सुबह (दवा से पहले) और शाम को BP नापें।
9. 7 दिन का चार्ट बनाकर डॉक्टर को दिखाएं।
जीवनशैली में ये परिवर्तन करें
- नमकयुक्त भोजन, तंबाकू, शराब से परहेज करें
- वजन नियंत्रण करें
- नियमित व्यायाम, प्राणायाम अपनाएं
- भरपूर नींद और शांत मन बनाए रखें
क्या आप खर्राटे लेते हैं?
स्लीप एपनिया (Obstructive Sleep Apnea) एक गंभीर लेकिन छुपा हुआ कारण हो सकता है हाई BP का। अपने जीवनसाथी से पूछें क्या आपको खर्राटे आते हैं? यदि हां, तो आपको Sleep Study की ज़रूरत हो सकती है। इसका इलाज मिल जाने पर हाई BP में जबरदस्त सुधार देखा गया है।
एक संकल्प लें आज ही अपने और अपने पूरे परिवार का बीपी ज़रूर चेक कराएं।
सावधानी ही सुरक्षा है, और जानकारी ही पहला इलाज।
शांति के इन क्षणों के लिए प्रभु को धन्यवाद दें।
अगले सप्ताह हम एक नए स्वास्थ्य विषय पर चर्चा करेंगे।
तब तक स्वस्थ रहें, प्रसन्न रहें।
The Hope Angel Healthcare Centre, Noida
आपके स्वास्थ्य की सच्ची चिंता