-हापुड़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत
- जिलाधिकारी कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलीकॉप्टर से बृजघाट गंगा और छपकोली शिव मंदिर क्षेत्र में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की
खबर मार्निंग, हापुड़। सावन माह के पावन अवसर पर जनपद हापुड़ से गुजर रहे कांवड़ियों का जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में जिलाधिकारी कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
पुष्प वर्षा बृजघाट गंगा एवं छपकोली शिव मंदिर क्षेत्र में की गई। हेलीकॉप्टर से जैसे ही कांवड़ियों पर फूलों की बारिश हुई, पूरा क्षेत्र ‘हर हर महादेव’, ‘बोल बम’ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
इस दौरान कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कांवड़ियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के बाद कांवड़ियों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
श्रद्धालुओं के स्वागत का यह दृश्य क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।





