अंबेडकर पुस्तकालय के वाटर कूलर वर्षों से खराब, पूर्व पार्षद ने नप से मरम्मत की मांग की

 आबिद हुसैन, हापुड़। नगर पालिका परिषद हापुड़ द्वारा मीनाक्षी रोड सब्जी मंडी के पास अंबेडकर पुस्तकालय परिसर में लगाए गए वाटर कूलर के जर्जर हालात ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। निवर्तमान पार्षद नरेश कुमार भाटी ने इसकी शिकायत करते हुए अधिकारियों से तत्काल मरम्मत या नया कूलर लगाने की मांग की है। भाटी ने जारी बयान में कहा कि यह वाटर कूलर पुस्तकालय आने वाले छात्र-छात्राओं, आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाया गया था। लेकिन कई वर्षों से यह खराब पड़ा है और न तो इसकी देखरेख हुई, न ही मरम्मत। 

उन्होंने चिंता जताई कि पुस्तकालय क्षेत्र में रोज सैकड़ों छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं, वहीं सब्जी मंडी होने से दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बुनियादी पेयजल सुविधा का अभाव दुर्भाग्यपूर्ण है।नरेश कुमार भाटी ने नगर पालिका परिषद से अपील की कि जनता की मूलभूत जरूरतों पर विशेष ध्यान दें। यदि पुराना कूलर ठीक नहीं हो सकता तो नया लगाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्या का जल्द समाधान करने को कहा, ताकि छात्रों और क्षेत्रवासियों को राहत मिले। भाटी ने साफ शब्दों में कहा कि जनसुविधाओं की अनदेखी स्वीकार्य नहीं है और तत्काल कार्रवाई जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post