टीबी मुक्त भारत: श्री माधव कॉलेज में छात्रों को जागरूक किया, लक्षण बताए गए

आबिद हुसैन, हापुड़। भारत सरकार के 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत जनपद में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित हो रहे हैं। इसी कड़ी में मोदीनगर रोड स्थित श्री माधव कॉलेज ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी के सभागार में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर लगाया गया।शिविर में बी.एड. विभाग, स्काउट एंड गाइड के सभी छात्र-छात्राओं को टीबी के लक्षणों के बारे में विस्तार से बताया गया। 

डॉ. सिंह ने कहा कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, खांसी के साथ बलगम आना, बलगम में खून, छाती में दर्द, भूख न लगना, वजन घटना, रात में पसीना आना जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत निकटतम सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी अस्पतालों में जांच व उपचार पूरी तरह निःशुल्क है। अधूरे इलाज से टीबी का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए पूरा कोर्स जरूर लें।इस अवसर पर प्रबंधक कुलदीप कुमार कसाना, प्रधानाचार्य डॉ. मुनेश कुमार शर्मा, विभागाध्यक्ष सचिन शर्मा, लिपिक संदीप कुमार, प्रकाश शर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट प्रिंसी त्यागी, मोनिका (मोरल स्काउट कैम्प प्रभारी) एवं स्वास्थ्य विभाग से जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post