दिल्ली में बच्चों के लापता होने पर भाकियू इंडिया का आक्रोश, विशेष टास्क फोर्स की मांग

 नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी संख्या में बच्चों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन इंडिया ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनूप गुर्जर ने इसे प्रशासनिक उदासीनता और व्यवस्था की विफलता बताते हुए तीखा आक्रोश व्यक्त किया है।

गुर्जर ने कहा कि राजधानी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे गायब हो रहे हैं, लेकिन उनकी तलाश के लिए ठोस और प्रभावी प्रयास दिखाई नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जबकि यह अत्यंत संवेदनशील और मानवीय विषय है।

उन्होंने कहा, “यदि लापता बच्चे किसी बड़े नेता, मंत्री या उच्च अधिकारी के परिवार से होते, तो पुलिस-प्रशासन तुरंत सक्रिय हो जाता। लेकिन चूंकि ये बच्चे सामान्य परिवारों से आते हैं, इसलिए उनकी चिंता करने वाला कोई नहीं दिखता।” उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि जब पुलिस अधिकारियों और नेताओं के पालतू जानवरों को भी ढूंढ लेती है, तो फिर मासूम बच्चों को खोजने में इतनी ढिलाई क्यों बरती जा रही है।

भाकियू इंडिया ने मांग की है कि दिल्ली सहित सभी राज्यों में लापता बच्चों की तलाश के लिए अलग विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाए, जिसकी निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाए। संगठन का मानना है कि इससे खोज अभियान अधिक प्रभावी, समन्वित और तेज हो सकेगा।

अनूप गुर्जर ने यह भी चेतावनी दी कि यदि सरकारें इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम नहीं उठातीं, तो भारतीय किसान यूनियन इंडिया लापता बच्चों के परिवारों के समर्थन में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post