नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला मुख्यालय में आयोजित व्यापार बंधु बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के दौरान विकास जैन ने सीडीओ डॉक्टर शिव कांत दिवेदी के समक्ष शहर के व्यापारियों और आम जनता से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
विकास जैन ने जिलाधिकारी को बताया कि शहर के मुख्य बाजारों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में मल्टीलेवल पार्किंग या वैकल्पिक पार्किंग स्थलों के निर्माण की मांग की। प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल ने कहा कि पीजी एसोसिएशन को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर घरेलू बिजली का कनेक्शन दिया जाए। प्रदेश सचिव शिवा चौहान ने कहा कि यहाँ आए दिन दोपहिया चालक दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं कृपया इसका निस्तारण कराया जाए। चार मूर्ति से प्रभारी आशीष बंसल ने कहा कि यहाँ परिवार के साथ आना मुश्किल हो गया है एक मॉल में 25 -25 स्पा चल रहे हैं। जहाँ मुख्यत वेश्यावृत्ति का धंधा होता है। बाजारों में बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त की और प्रशासन से नियमित मॉनिटरिंग और सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाने का आग्रह किया। व्यापारियों की सुरक्षा के मद्देनजर बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द ठीक कराने की मांग रखी गई। सड़कों की जर्जर हालत और नालियों की सफाई न होने से जलभराव की समस्या पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। जीएसटी और अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर व्यापारियों के अनावश्यक उत्पीड़न को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई। प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा और प्रशासन व्यापारियों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल, सचिव सिवा चौहान,चार मूर्ति से प्रभारी आशीष बंसल, पीजी एसोसिएशन से नितिन अग्रवाल, अजय सोनी दादरी व्यापार मंडल से मनोज गोयल सहित शहर के प्रमुख व्यापारी नेता उपस्थित रहे।
