बुलन्दशहर। निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए अच्छी खबर है। अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम कौन्दू (तहसील-सिकन्द्राबाद) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-06 और कक्षा-09 में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 फरवरी 2026 कर दिया गया है।
यह विद्यालय उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड से अनाथ हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चों के लिए स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य वंचित बच्चों को कक्षा-06 से कक्षा-12 तक निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। विद्यालय सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध है और यहां छात्रावास, भोजन, चिकित्सा, खेलकूद, यूनिफॉर्म, किताबें, स्टेशनरी सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क दी जाती हैं। साथ ही कंप्यूटर लैब, मैथ लैब, साइंस लैब और स्मार्ट क्लास की भी व्यवस्था है।
इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन (upbocw.in) या अपने नजदीकी श्रम कार्यालय/ब्लॉक से ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्र उम्मीदवार 26 फरवरी 2026 से प्रवेश पत्र पोर्टल या कार्यालय से प्राप्त कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 08 मार्च 2026 को आयोजित होगी।
इस सत्र में कक्षा-06 के लिए 160 और कक्षा-09 के लिए 65 छात्रों का चयन किया जाएगा। कक्षा-06 के लिए अभ्यर्थी का जन्म 01.05.2014 से पहले और 31.07.2016 के बाद नहीं होना चाहिए। वहीं कक्षा-09 के लिए जन्म तिथि 01.05.2011 से पहले और 31.07.2013 के बाद नहीं होनी चाहिए।
