​नोएडा के सेक्टर-62 में हुआ विशाल हिन्दू सम्मेलन

 राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक एकता पर हुआ मंथन

​नोएडा। सेक्टर 62 मे शक्ति कुंज एवं टेलीकॉम सिटी के मध्य स्थित खेल शक्ति पार्क में विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध जनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता, राष्ट्र सुरक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जन-जागरण करना था। ​मुख्य वक्ता ​लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी नें अपने उद्बोधन में राष्ट्र सुरक्षा और नागरिक कर्तव्यों पर जोर दिया।

 उन्होंने कहा कि एक सशक्त समाज ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। ​स्वामी अनंतवीर्य दास जी महाराज नें अध्यात्म और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। स्वामी जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम की भावना पर आधारित है और अक्षय पात्र जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकते हैं। वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रख्यात लेखक अनंत विजय  ने वैचारिक विमर्श और भारतीय अस्मिता पर अपनी बात रखी। उन्होंने वर्तमान समय में सूचना के सही प्रसार और सांस्कृतिक चेतना को जगाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा हिंदू संस्कृति को सुदृढ़ करने और उसके द्वारा किए गए सेवाकार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। ​कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सेक्टर 62 में निवास करने वाले बच्चों एवं मातृशक्ति द्वारा बहुत ही सुंदर एवं शिक्षाप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जो कि देश प्रेम हिन्दू संस्कृति और हिंदू जीवन शैली से ओतप्रोत रहा। दोपहर 2 बजे तक चले इस सम्मेलन में सेक्टर-62 और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने वक्ताओं के विचारों को मंत्रमुग्ध होकर सुना एवं संस्कृति कार्यक्रम का आनंद प्राप्त किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल नें सभी अतिथि, आयोजन समिति तथा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post