शहीदी शताब्दी के 350वें वर्ष को समर्पित शहीदी यात्राओं का पूरे हरियाणा में होगा गर्मजोशी से स्वागत : जत्थेदार दादूवाल

 कालांवाली (सुरेश जोरासिया)। गुरु तेग बहादुर महाराज जी, भाई मती दास, भाई सती दास, भाई दयाला जी की शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित शहीदी शताब्दी पूरे विश्व में बड़ी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही हैं। इस समय हरियाणा सरकार और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी संयुक्त रूप से हरियाणा में 4 शहीदी यात्राओं का आयोजन कर रही है। इन यात्राओं का हरियाणा के लोगों द्वारा हार्दिक स्वागत किया जाएगा। 

प्रसिद्ध सिख प्रचारक जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल जी, चेयरमैन धर्म प्रचार हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने एक लिखित प्रेस नोट के माध्यम से मीडिया के समक्ष ये विचार व्यक्त किए। जत्थेदार दादूवाल जी ने कहा कि ये शहीदी यात्राएं श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज जी की छत्रछाया में और पंज प्यारे साहिबानों के नेतृत्व में निकाली जाएंगी, जिनका हरियाणा की संगतों द्वारा जगह-जगह स्वागत द्वार और लंगर लगाकर स्वागत किया जाएगा। 

पहली यात्रा 8 नवंबर को सिरसा जिले के रोड़ी गांव से शुरू होगी, जिसे हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी श्रद्धा व सम्मान के साथ अरदास कर रवाना करेंगे । प्रथम रात्रि विश्राम गुरुद्वारा गुरु ग्रंथसर दादू साहिब में होगा। यात्रा 24 तारीख को कुरुक्षेत्र में समाप्त होगी। दूसरी यात्रा 11 नवंबर को कालका पंचकूला से, तीसरी यात्रा 14 नवंबर को फरीदाबाद से तथा चौथी यात्रा 18 नवंबर को किला लोहगढ़ यमुनानगर से शुरू होगी। चारों यात्राएं 24 नवंबर को गुरुद्वारा पातशाही छठी कुरुक्षेत्र  में समाप्त होंगी। जत्थेदार दादूवाल जी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर महाराज जी का बलिदान अद्वितीय है और सभी देशवासियों को इसके प्रति समर्पित होकर इन महान यात्राओं का श्रद्धा व सम्मान के साथ स्वागत करना चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post