लू के कहर से कैसे बचें? सुबह 7 बजे से ही तपिश शुरू, डॉक्टर की सलाह पर अमल जरूरी : डा. ऋषि कुमार चौधरी

विनोद कुमार झा, खबर मार्निंग

नोएडा। उत्तर भारत इस समय प्रचंड गर्मी की गिरफ्त में है। सूरज मानो आग बरसा रहा हो और तापमान सुबह 7 बजे के बाद ही 40 डिग्री के पार पहुंचने लगता है। दिल्ली-NCR, बिहार, राजस्थान, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में स्थिति और भी भयावह होती जा रही है। ऐसे में आमजन का जीना मुहाल हो गया है। हर दिन बढ़ती तपिश न केवल कामकाजी जीवन को प्रभावित कर रही है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रही है। गर्मीजनित बीमारियों जैसे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और लू के बढ़ते मामले चिंता का विषय हैं।

इसी बीच The Hope Angel Health Care center sector- 116 noida के वरिष्ठ चिकित्सक डा. ऋषि कुमार चौधरी ने गर्मी से बचाव के कुछ अत्यंत उपयोगी और सरल उपाय साझा किए हैं, जिनका पालन करके हम इस मौसम के कहर से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।

डा. ऋषि कुमार चौधरी बताते हैं कि इस भीषण गर्मी में सबसे जरूरी है शरीर को भीतर से ठंडा और हाइड्रेटेड रखना। उनका कहना है कि लोग अक्सर काम या अन्य कारणों से सुबह-सुबह ही घर से बाहर निकल जाते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि इस समय भी तापमान तेजी से बढ़ रहा होता है, और इससे शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है।

गर्मी से बचने के लिए डॉक्टर की प्रमुख सलाहें –

1. धूप में निकलने से बचें:  सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक धूप अपने प्रचंड रूप में होती है। यदि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। सिर ढकने के लिए छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें।

2. तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें: ठंडे पानी, नींबू पानी, नारियल पानी, बेल का शरबत, सत्तू और घर में बना ठंडा छाछ इन दिनों के लिए संजीवनी जैसे हैं। कोल्ड ड्रिंक या अधिक चीनी युक्त पेयों से परहेज़ करें।

3. पानी की मात्रा बढ़ाएं: सामान्य दिनों से कहीं अधिक पानी पिएं। कोशिश करें कि हर एक घंटे में थोड़ा-थोड़ा पानी पिएं, भले प्यास न भी लगी हो। यह शरीर को ठंडा रखने और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है।

4. हल्के और ढीले कपड़े पहनें: सूती और ढीले कपड़े पहनना इस मौसम में सबसे अच्छा विकल्प है। यह पसीने को सोखते हैं और शरीर को आराम देते हैं।

5. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें: यह वर्ग गर्मी के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील होता है। उन्हें धूप में न निकलने दें और समय-समय पर पानी व तरल पदार्थ देते रहें।

6. भोजन में बदलाव करें: अधिक तली-भुनी चीज़ों के बजाय हल्का और सुपाच्य भोजन करें। मौसमी फल जैसे तरबूज, खीरा, ककड़ी, आम पना आदि शामिल करें।

गर्मी से बचाव के उपाय जितने सरल हैं, उतने ही ज़रूरी भी। थोड़ी सी सावधानी और सही दिनचर्या हमें इस भीषण तापमान से सुरक्षित रख सकती है। डा. ऋषि कुमार चौधरी का स्पष्ट कहना है कि इस मौसम को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है, इसलिए समय रहते चेतना और डॉक्टर की सलाह को जीवन का हिस्सा बनाना ही समझदारी है।

सावधान रहें, सतर्क रहें और इस भीषण गर्मी में खुद को और अपनों को सुरक्षित रखें।


Post a Comment

Previous Post Next Post