अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना में छिपा है समानता और सम्मान का संदेश

-उगते सूर्य को तो हर कोई सलाम करता है, लेकिन डूबते सूर्य को प्रणाम करना ही छठ महापर्व की सबसे बड़ी सीख है!

विनोद कुमार झा 

आपने एक कहावत जरूर सुनी होगी, जिसे अगर किसी के तकियाकलाम का हिस्सा भी कह दिया जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। कहावत है कि उगते सूर्य, हरे-भरे पेड़ों और धनवान लोगों का हर कोई सम्मान करता है, लेकिन जब सूर्य अस्त होने लगता है, पेड़ों की हरियाली सूखने लगती है और धन-संपत्ति का वैभव समाप्त होने लगता है, तब वही दुनिया उनसे दूरी बनाने लगती है। यह कहावत केवल प्रकृति या धन-संपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे सामाजिक जीवन और मानवीय व्यवहार की भी एक सच्चाई बयां करती है।

लेकिन छठ महापर्व इस स्थापित सोच को एक नई दिशा और नई दृष्टि प्रदान करता है। इस महापर्व में केवल उगते सूर्य की ही पूजा नहीं होती, बल्कि अस्ताचलगामी सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा, आस्था और समर्पण के साथ अर्घ्य दिया जाता है। यही वह परंपरा है, जिसमें जीवन का एक बहुत बड़ा दर्शन छिपा हुआ है। रविवार को छठ महापर्व के अवसर पर देशभर में लाखों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और सभी देशवासियों के कल्याण की कामना की। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जल में खड़े होकर सूर्यदेव के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रार्थना का दृश्य केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं था, बल्कि सामाजिक समानता और एकता का भी संदेश दे रहा था।

आखिर अस्त होते सूर्य की पूजा क्यों की जाती है? जब संसार की सामान्य प्रवृत्ति उगते हुए सूर्य को नमन करने और उसकी चमक का गुणगान करने की है, तब छठ महापर्व में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें क्या सिखाती है? इसका सबसे सरल उत्तर है कि सम्मान केवल सफलता, सामर्थ्य, संपन्नता और चमक का मोहताज नहीं होना चाहिए। किसी का महत्व उसके वर्तमान वैभव से नहीं, बल्कि उसके अस्तित्व और योगदान से तय होना चाहिए।

सूर्य जब उदय होता है तो पूरी दुनिया उसकी रोशनी का स्वागत करती है। उसकी किरणों से धरती पर जीवन का संचार होता है। लेकिन जब वही सूर्य अस्त होने लगता है, तब भी उसकी महत्ता कम नहीं हो जाती। उसका अस्त होना उसकी उपयोगिता का अंत नहीं है, बल्कि प्रकृति के एक नए चक्र की शुरुआत है। छठ व्रती इसी अस्ताचलगामी सूर्य के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हैं। यह संदेश देता है कि किसी व्यक्ति का सम्मान केवल उसके अच्छे दिनों में नहीं, बल्कि उसके कठिन समय में भी होना चाहिए।

आज के सामाजिक और राजनीतिक परिवेश में इस परंपरा का महत्व और भी बढ़ जाता है। समाज में अक्सर देखा जाता है कि धनवान, प्रभावशाली, पदाधिकारी और प्रतिष्ठित लोगों के आसपास सम्मान और प्रशंसा करने वालों की भीड़ लगी रहती है। वहीं गरीब, असहाय, कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति की आवाज कई बार अनसुनी कर दी जाती है। पद और प्रतिष्ठा रहने तक संबंधों में गर्मजोशी दिखाई देती है, लेकिन परिस्थितियां बदलते ही व्यवहार भी बदल जाता है। क्या यही हमारी सामाजिक संस्कृति है? क्या मानवीय सम्मान का आधार केवल आर्थिक हैसियत और पद होना चाहिए?

छठ महापर्व इन सवालों का जवाब अपनी परंपरा के माध्यम से देता है। यहां न कोई राजा है और न कोई रंक, न कोई बड़ा है और न कोई छोटा। घाट पर सभी श्रद्धालु एक ही जल में खड़े होकर भगवान सूर्य से प्रार्थना करते हैं। किसी के हाथ में सोने-चांदी के आभूषण हों या किसी के पास साधारण वस्त्र, किसी की टोकरी में महंगे फल हों या किसी की डलिया में अपनी सामर्थ्य के अनुसार चढ़ावा, भगवान भास्कर के प्रति सबकी आस्था का महत्व समान है।

यही छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। इसमें आडंबर से अधिक आस्था, दिखावे से अधिक समर्पण और धन-दौलत से अधिक श्रद्धा को महत्व दिया जाता है। व्रती कठिन तपस्या करते हैं, परिवार और समाज के लोग मिलकर घाटों की व्यवस्था करते हैं और एक-दूसरे के सहयोग से यह महापर्व संपन्न होता है। यहां सामाजिक भेदभाव की दीवारें छोटी पड़ जाती हैं और सामूहिक आस्था का भाव सबसे ऊपर दिखाई देता है।

इस पर्व का एक संदेश यह भी है कि जीवन में किसी को उसकी वर्तमान परिस्थिति के आधार पर कमतर नहीं आंकना चाहिए। आज जो व्यक्ति संपन्न है, वह कल कठिन परिस्थितियों से गुजर सकता है और आज जो गरीब है, वह कल अपनी मेहनत से नई ऊंचाइयां प्राप्त कर सकता है। समय का पहिया निरंतर घूमता रहता है। इसलिए इंसान को इंसान की तरह सम्मान देना ही सबसे बड़ा धर्म है।

छठ महापर्व की यह परंपरा हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराती है। सूर्य बिना किसी भेदभाव के सभी को प्रकाश और ऊर्जा प्रदान करता है। उसकी किरणें अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-धर्म का अंतर नहीं करतीं। फिर मनुष्य अपने व्यवहार में इतनी दूरियां क्यों पैदा करता है? जब प्रकृति हमें समानता का पाठ पढ़ाती है, तो हमें भी अपने जीवन में इस भावना को अपनाना चाहिए।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देना केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन के उस सत्य को स्वीकार करना है कि हर अवस्था का अपना महत्व होता है। किसी की चमक कम होने पर उसका सम्मान कम नहीं होना चाहिए। किसी के पास धन न होने से उसका मानवीय मूल्य समाप्त नहीं हो जाता। किसी के पास पद न होने से उसकी पहचान छोटी नहीं हो जाती।

आज जरूरत है कि छठ घाटों पर दिखाई देने वाली समानता और भाईचारे की भावना हमारे घरों, समाज, संस्थानों और राजनीतिक व्यवस्था में भी दिखाई दे। गरीब की थाली में भोजन, जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान, कमजोर को न्याय और हर व्यक्ति को सम्मान मिले, तभी इस महापर्व की वास्तविक भावना सार्थक होगी।

इसलिए छठ महापर्व हमें केवल भगवान भास्कर की आराधना करना ही नहीं सिखाता, बल्कि यह भी समझाता है कि उगते सूर्य को प्रणाम करना जितना आसान है, अस्त होते सूर्य के प्रति श्रद्धा रखना उतना ही बड़ा मानवीय संस्कार है।

क्योंकि उगते सूर्य को तो दुनिया सलाम करती है, लेकिन अस्ताचलगामी सूर्य को सम्मान देना ही समानता, संवेदना और सच्ची आस्था की पहचान है। छठ महापर्व का यही संदेश है न कोई बड़ा, न कोई छोटा, सबका सम्मान और सबका कल्याण।

जय छठी मैया! जय भगवान भास्कर!

Post a Comment

Previous Post Next Post