आबिद हुसैन, हापुड़। ग्राम भटेल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान मनरेगा योजना के फायदों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला महासचिव इकबाल प्रधान ने बताया कि मनरेगा ने देश के करोड़ों गरीब मजदूरों को 100 दिन का गारंटीड रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, ग्रामीण विकास के काम जैसे तालाब निर्माण, सड़क बनाना और जल संरक्षण प्रदान किए। इससे मजदूरों को आर्थिक सुरक्षा मिली और गांवों का चेहरा बदला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा शुरू यह योजना गरीबी उन्मूलन का सबसे बड़ा हथियार थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस ने हमेशा देश के गरीब मजदूरों, दलितों और हर वर्ग के लिए काम किया है। मनरेगा जैसी क्रांतिकारी योजना कांग्रेस की देन है, जिसने लाखों परिवारों को भुखमरी से बचाया। लेकिन केंद्र सरकार ने इसे खत्म कर दिया, जिससे करोड़ों मजदूर बेरोजगार हो गए। यह सरकार गरीबी मिटाने के बजाय गरीबों का नामोनिशान मिटाने पर तुली है।" त्यागी ने कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा मजदूरों के हक के लिए संघर्ष किया है।
प्रधान ने आगे आरोप लगाया कि सरकार की मंशा सिर्फ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की है। कच्चे तेल, बिजली और गैस सिलेंडर की आपूर्ति संकट इसका प्रमाण है। लोग घंटों लाइन में लगकर गैस सिलेंडर लेने को मजबूर हैं।
कार्यक्रम में एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश कुमार भाटी, जिला महासचिव व मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, ब्लॉक अध्यक्ष (हापुड़) मोहसिन खान, जिला सचिव संजय छाबड़ा, गोपाल भारती, महबूब आदि मौजूद रहे।
