हिंदू नववर्ष पर विहंगम योगियों ने निकाली स्वर्वेद महायात्रा

 इंदिरापुरम। हिंदू नववर्ष, यानी विक्रम संवत 2083 और चैत्र नवरात्रि के अवसर पर विहंगम योग संत समाज की इंदिरापुरम इकाई ने गुरुवार को देशव्यापी स्वर्वेद महायात्रा निकाली। ज्ञान खंड—4 के शुक्र बाजार चौराहे से प्रारंभ हुई यह स्वर्वेद महायात्रा इंदिरापुरम के ज्ञान खंड, शक्ति खंड, नीति खंड, कैलास मानसरोवर भवन, हाथी पार्क, सोम बाजार आदि इलाकों से गुजरी और अंत में पुन: ज्ञान खंड—4 में यात्रा का समापन हुआ। इस स्वर्वेद महायात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय ही नहीं, बल्कि क्रॉसिंग रिपब्लिक, नोएडा, दिलशाद गार्डन आदि स्थानों से पहुंचे विहंगम योग के साधकों, गुरुभाई-बहनों ने हिस्सा लिया और स्वर्वेद के दोहों का गायन वाचन किया और विहंगम योग संदेश पत्रिका का वितरण भी किया। 

इस स्वर्वेद महायात्रा के बारे में विहंगम योग संत समाज इंदिरापुरम की महिला उपदेष्टा श्रीमती बेबी पांडे ने बताया कि स्वर्वेद यात्रा, विहंगम योग संस्थान द्वारा आयोजित एक आध्यात्मिक यात्रा है, जिसका उद्देश्य सदगुरु सदाफलदेव जी महाराज द्वारा रचित 'स्वर्वेद' के ज्ञान और योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यह यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों में ही नहीं, बल्कि विश्व के करीब 32 देशों में बाजे-गाजे के साथ एक दिन, एम साथ और एक समय पर निकाली जाती है।

इंदिरापुरम संत समाज की ओर से निकाली गई इस स्वर्वेद महायात्रा में उपदेष्टा बेबी पांडे, अखिलेश पांडे, शशि कुमार दास, बिनय कुमार सिन्हा, नूपुर झा, सुधा झा, रुबी सिंह, सुभाष चंद्र सिंह, सुरेश चौधरी, एस. के. झा, भेषनाथ झा, हीरालाल, अमित प्रियतम, मनीष मोहन के अलावा भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भागीदारी दिखाई। यात्रा के समापन के बाद विहंगम योग के साधकों, गुरुभाई-बहनों के अलावा यात्रा में शामिल सभी लोगों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post