दिल्ली एनसीआर के सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी मे क्रिकेट टूर्नामेंट एमपीएल सीजन 5 की शानदार शुरुआत

 नोएडा। दिल्ली एनसीआर के कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स के बीच होने वाला सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट महर्षि प्रीमियर लीग (एमपीएल) एक बार फिर पूरे जोश के साथ शुरू हो गया है। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमयूआईटी) द्वारा आयोजित इस टी-20 टूर्नामेंट के पांचवें सीजन का शुभारंभ भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ किया गया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की तालियों ने माहौल को पूरी तरह क्रिकेटमय बना दिया। 

उद्घाटन समारोह पर विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीन अकादमिक डॉ. तृप्ति अग्रवाल, डिप्टी रजिस्ट्रार संदीप शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी शिवम् यादव और स्पोर्ट्स मैनेजर सलमान साजिद सहित सभी डीन और डिप्टी डीन की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। सभी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और बेहतर खेल भावना के साथ टूर्नामेंट खेलने की शुभकामना दीं। इस दौरान एमपीएल सीजन 5 की साढ़े पांच फीट ऊंची आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया। ट्रॉफी जैसे ही मंच पर आई, सभी की नजरें उसी पर टिक गईं। खिलाड़ियों के बीच इसे जीतने का उत्साह साफ नजर आ रहा था। इस बार एमपीएल पहले से भी बड़ा हो गया है। दिल्ली एनसीआर के 16 नामी विश्वविद्यालय और कॉलेज इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें जाकिर हुसैन कॉलेज, एमिटी सोशल साइंस और एमिटी लॉ स्कूल (नोएडा), आईआईटीएम जनकपुरी, एमयूआईटी नोएडा और लखनऊ, गैलगोटियास यूनिवर्सिटी, एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज, वेंकटेश्वर कॉलेज (दिल्ली), दिल्ली टेक्निकल कैंपस, वीआईपीएस (दिल्ली), शारदा यूनिवर्सिटी, बीपीआईटी, बेनेट यूनिवर्सिटी, जेएसएस और ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी जैसी टीमें शामिल हैं। टीमों की इस मजबूत लाइनअप को देखते हुए इस सीजन में कड़े मुकाबले होने तय माने जा रहे हैं।

ओपनिंग डे पर चार मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले मैच में एमिटी स्कूल ऑफ साइंस ने शानदार खेल दिखाते हुए एमयूआईटी को 57 रनों से हराया। दूसरे मुकाबले में शारदा यूनिवर्सिटी ने जाकिर हुसैन कॉलेज को 58 रनों से मात दी। दोनों ही मैचों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों का संतुलित प्रदर्शन देखने को मिला।महर्षि यूनिवर्सिटी का कहना है कि एमपीएल सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवाओं को एक साथ जोड़ने का मंच है। यहां खेल के साथ-साथ टीमवर्क, लीडरशिप और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। यही वजह है कि एमपीएल हर साल और बड़ा होता जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post