स्वर्वेद संदेश यात्रा' के द्वितीय चरण में नोएडा में हुआ आध्यात्मिक आयोजन
संजीव कुमार झा, नोएडा।
'कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत की भूमि मात्र जमीन का टुकड़ा नहीं है। यह हमारी मातृभूमि और मां है। देश की सेवा के लिए सीमाओं पर तैनात सेनानियों का सम्मान करने, गो माता की सेवा व रक्षा करने तथा कमजोर व निराश्रित लोगों की निस्वार्थ सेवा करने से बड़ा कोई तप एवं साधना नहीं है। जिसे इन बातों का ज्ञान हो जाए, वही आत्मज्ञानी कहलाता है।आत्मज्ञान की प्राप्ति ही समस्त दुखों से मुक्ति का मार्ग है।" यह बातें सनातन धर्म की रक्षा के साथ इसके महत्व को जन—जन तक पहुंचाने व विहंगम योग के प्रचार-प्रसार की अलख जगाने वाले आध्यात्मिक संगठन विहंगम योग संस्थान के प्रमुख आध्यात्मिक मार्गदर्शक संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज ने कहीं।
वह बुधवार को नोएडा सेक्टर 62 के आइएफए इंडिया एकेडमी के हॉल में समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव, स्वर्वेद संदेश यात्रा के दूसरे चरण के तहत आयोजित आध्यात्मिक गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
बता दें कि विहंगम योग संस्थान का 102वां वार्षिकोत्सव 25—26 नवंबर, 2025 को वाराणसी के उमराहां में होने वाला है, जहां स्थापित स्वर्वेद महामंदिर के परिसर में 25,000 कुंडीय वैदिक हवन यज्ञ का आयोजन होगा। इसी वार्षिकोत्सव को भव्य, दिव्य और अद्वितीय बनाने के मकसद से संत प्रवर विज्ञान के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस आध्यात्मिक गोष्ठी में सैकड़ों विहंगम योगियों ने जयघोष, सैकड़ों दीपों के प्रज्ज्वलन व पुष्पवर्षा के साथ संत प्रवर का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर संत प्रवर ने बताया कि विहंगम योग संस्थान की 'आत्मजागरण से राष्ट्रजागरण' की थीम वाली स्वर्वेद संदेश यात्रा 29 जून को कश्मीर के लाल चौक से तिरंगा फहराकर प्रारंभ हुई है और चार माह में 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
इस अवसर पर स्वर्वेद कथा, विहंगम योग की ध्यान साधना, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन और सत्संग—साधना के जरिये वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और संत दर्शन के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने संत प्रवर से आशीर्वाद एवं प्रसाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन के साथ नोएडा महानगर भाजपा अध्यक्ष महेश चौहान, नोएडा के सांसद डा. महेश शर्मा के भाई व प्रख्यात समाजसेवी नरेश शर्मा, श्रेया शर्मा, कैलाश किल्ला आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।