खबर मार्निंग, हापुड़। श्रावण शिवरात्रि पर्व पर शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जनपद के प्रमुख प्राचीन शिव मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में कांवड़ियों और शिवभक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए की गई तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन, जलाभिषेक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को परखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीएम ने मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों और शिवभक्तों की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।
